जामताड़ा: केंद्रीय कमिटी के निर्देशानुसार नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नाला प्रखंड के खैरा स्थित सिधो-कान्हु भवन में झामुमो की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से नाला विधानसभा के विधायक रवींद्रनाथ महतो उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नाला प्रखंड के नौ पंचायतों के 144 बूथों में बूथ कमेटी गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि प्रत्येक बूथ कमेटी में 15 पुरुष एवं 10 महिला सदस्यों को शामिल करना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि मजबूत संगठन ही सफल कार्य का आधार होता है। संगठन जितना मजबूत होगा, जनता के बीच पार्टी की पकड़ उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा जनसेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें