उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री आलोक कुमार (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में ग्रामीण कल्याण अस्पताल कुंजबोना की अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल संचालन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदे गए विभिन्न चिकित्सा उपकरणों के इंस्टालेशन तथा उनकी वर्तमान उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपकरणों की खरीद की गई है, उनका वास्तविक उपयोग सुनिश्चित किया जाए। यदि जांच के दौरान उपकरणों का उपयोग नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने एमओयू के अनुसार अस्पताल संचालन की समीक्षा करते हुए ओपीडी सेवा, जांच सुविधा, डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता समेत अन्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल का संचालन एमओयू के अनुरूप हो तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में अस्पताल के उपकरणों की सुरक्षा एवं लंबे समय तक उपयोग सुनिश्चित करने को लेकर एयर कंडीशनर लगाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री विजय कुमार, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें