⚡ ब्रेकिंग News

जामताड़ा में 5वीं जूनियर जिला खो-खो प्रतियोगिता 2026 का भव्य आगाज़*

 


*खेल भावना और उत्साह से सराबोर हुआ संत एंथोनी विद्यालय परिसर*


जिले में उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित 5वीं जूनियर जिला खो-खो प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ शनिवार को संत एंथोनी विद्यालय, जामताड़ा में उत्साह एवं उमंग के बीच संपन्न हुआ। जामताड़ा जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से अंडर-18 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी पूरे जोश के साथ 16 टीमें भाग ली।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी तरुण गुप्ता, जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ दुर्गादास भंडारी, विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, सचिव नंदन सिंह, प्राचार्य लारेब खान, समाजसेवी कमलेश मंडल, आकाश साव, गौरव जोशी, शिक्षक हृदय एवं नवीन कुमार उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि आशा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे न केवल शारीरिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, धैर्य और टीम भावना भी सुदृढ़ होती है।


विशिष्ट अतिथि तरुण गुप्ता ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन में नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की शक्ति का विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता दृढ़ संकल्प से ही प्राप्त होती है।


विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल को समान महत्व देना आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं।


शिक्षाविद दुर्गादास भंडारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को संघर्ष करना और परिस्थितियों का सामना करना सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने की प्रेरणा दी।


प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न विद्यालयों के बीच खेले गए मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे। बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों की उपस्थिति और उत्साहवर्धन से पूरा परिसर ऊर्जा से भर उठा।


आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता दो दिवसीय है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।


मौके पर अनीश रंजन, रोहित ओझा एवं करुणा मरांडी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...