Top News

रमज़ान की रौनक: श्यामपुर मदीना मस्जिद में रोज़ेदारों के साथ इफ्तार, अमन-चैन की हुई दुआ!

 



नौजवान कमेटी श्यामपुर की सराहनीय पहल, मदीना मस्जिद में हुआ भव्य इफ्तार आयोजन!

 

जामताड़ा : प्रखंड अंतर्गत श्यामपुर स्थित मदीना मस्जिद में रमज़ान के पवित्र महीने के अवसर पर मदीना मस्जिद नौजवान कमेटी, श्यामपुर की ओर से भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय रोज़ेदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने शिरकत कर रोज़ा इफ्तार किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह रूहानी और भाईचारे से सराबोर रहा।

इस विशेष अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा उलमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी उपस्थित रहे।

इफ्तार से पहले मदीना मस्जिद के इमाम व ख़तीब हाफिज अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए खास दुआ की। उन्होंने दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह तआला मुल्क को तरक्की दे और समाज में मोहब्बत और इंसानियत कायम रहे।

इस मौके पर मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी ने कहा कि

मेरे लिए यह बहुत सौभाग्य की बात है कि मुझे श्यामपुर की इस मुबारक इफ्तार पार्टी में शामिल होने का मौका मिला। यहां के लोगों का स्नेह, मोहब्बत और खुलूस देखकर दिल को बहुत खुशी हुई। रमज़ान का महीना हमें सब्र, भाईचारा और इंसानियत का पैगाम देता है।

उन्होंने आगे कहा कि इफ्तार पार्टी का आयोजन केवल रोज़ा खोलने का कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि यह समाज में प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देने का एक खूबसूरत जरिया है। इस तरह के आयोजन से लोगों के बीच दूरी खत्म होती है और समाज में एकता मजबूत होती है।

मौलाना अंसारी ने नौजवानों की सराहना करते हुए कहा कि नौजवान कमेटी द्वारा इस तरह के सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करना काबिले तारीफ है। इससे नई पीढ़ी को भी अच्छे संस्कार और समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है।

वहीं नौजवान कमेटी श्यामपुर के सदस्यों ने बताया कि यह इफ्तार पार्टी का आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रोज़ेदारों को एक साथ बैठाकर इफ्तार कराना और समाज में मोहब्बत व भाईचारे को बढ़ावा देना है।

इफ्तार पार्टी में रोज़ेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत और विभिन्न प्रकार के पकवानों का इंतजाम किया गया था। अज़ान के बाद सभी ने एक साथ रोज़ा इफ्तार किया और अल्लाह तआला का शुक्र अदा किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, नौजवान कमेटी के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरी महफिल में भाईचारे, मोहब्बत और एकता का खूबसूरत माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

और नया पुराने
JAMTARA GROUND REPORT
JAMTARA GROUND REPORT

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume