जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बड़ापहाड़ी गांव के पास जंगल में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 मार्च 2026 को की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में रियाज अंसारी (20 वर्ष), पिता कलीम अंसारी, निवासी मोहानपुर तथा मुस्ताक अंसारी (20 वर्ष), पिता फिरोज अंसारी, निवासी बिराजपुर, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा शामिल हैं। दोनों को फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के साथ पकड़ा गया।
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 15/26 दिनांक 07.03.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 111(1)(iii), 318(4), 319(2), 3(5) बीएनएस 2023, आईटी एक्ट की धारा 66(बी), 66(सी), 66(डी) तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की धारा 42(3)(ई) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के खाताधारकों को व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी संदेश भेजते थे। इसमें PNB के नाम से APK फाइल भेजकर KYC अपडेट कराने का झांसा दिया जाता था। जैसे ही पीड़ित APK फाइल डाउनलोड करता था, उसकी गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का नेटवर्क पूरे भारत में फैला हुआ था और वे विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाते थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment