⚡ ब्रेकिंग News

जामताड़ा महाविद्यालय में 8 मार्च को जिलास्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का आयोजन

 




जामताड़ा से दिनबंधु राउत 



जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में आगामी 8 मार्च को जिलास्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कौशल, राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ. काकोली गौराई तथा जिला युवा अधिकारी रीव कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रतिभागियों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना की नोडल अधिकारी डॉ. काकोली गौराई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 कार्यक्रम में जिले के कुल 69 प्रतिभागियों का पंजीकरण किया गया है। इन प्रतिभागियों को युवा संसद के माध्यम से अपने विचार रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने तथा देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।इसके मूल्यांकन के लिए पाँच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। निर्णायक मंडल के सदस्य प्रतिभागियों के वक्तव्य, तर्क, प्रस्तुति शैली और विषय की समझ के आधार पर उनका आकलन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में कुल पाँच प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें जिला स्तर से राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करने और आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। वही डॉ. काकोली गौराई ने बताया कि युवा संसद कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा देश के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।महाविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा और इससे उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति नई सोच और उत्साह का संचार होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...