जामताड़ा। समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के
अध्यक्षता में आगामी ईद उल फितर, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों को आगामी पर्व-त्योहारों की शुभकामनाएं दीं तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और समाज में मिसाल पेश करें।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए समिति सदस्यों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से विगत वर्षों में ईद उल फितर एवं रामनवमी के अवसर पर हुई घटनाओं एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही सभी अंचल एवं थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति बैठकों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, अखाड़ों के मार्ग, समय-सारणी, लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी अखाड़ों की सूची के सत्यापन के निर्देश दिए। वहीं ईद उल फितर के दौरान नमाज अदा करने के लिए ईदगाह एवं मार्गों के चिन्हितिकरण तथा सरहुल पर्व के दौरान जाहेरथान एवं अन्य स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उपायुक्त ने जुलूस मार्गों एवं पूर्व में हुई घटनाओं की जानकारी लेते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, यह सभी की जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्माद फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने रामनवमी जुलूसों के दौरान झांकियों की वीडियोग्राफी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने की बात कही। साथ ही जुलूस के आयोजकों, लीडरों एवं स्वयंसेवकों का संपर्क विवरण प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान कई स्थानों पर मेले का आयोजन होता है, जहां पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रूट वेरिफिकेशन के दौरान यदि कहीं बिजली के तार लटकते पाए जाते हैं तो बिजली विभाग के साथ समन्वय कर उसे दुरुस्त किया जाएगा। अखाड़ा समितियों को निर्धारित रूट एवं समय का पालन करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग संबंधी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, वाहन पार्किंग एवं मेडिकल टीम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता (भा०पु०से०) ने कहा कि आगामी पर्वों को देखते हुए जिले के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और अफवाह, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। बिना सत्यता जांचे किसी भी पोस्ट को साझा न करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले उपद्रवियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक का संचालन अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने पर्व के दौरान विधि व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जामताड़ा राज कुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा एवं नाला, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment