जामताड़ा। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) हल्दिया-बरौनी पाइपलाइन प्रबंधन द्वारा सहरडाल, जिला जामताड़ा के समीप पाइपलाइन क्षेत्र में ऑफ साइट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और सतर्कता को लेकर जागरूक किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान तेल रिसाव की काल्पनिक सूचना पर खोजी दस्ता दल ने मौके पर पहुंचकर रिसाव की पुष्टि की। इसके बाद अनुरक्षण दल और सहायक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिसाव को नियंत्रित किया और लीक क्लैंप लगाया। वहीं, तेल में आग लगने की स्थिति को भी प्रदर्शित किया गया, जिस पर आईओसीएल के अग्निशामक दल ने प्रभावी ढंग से काबू पाया।
आईओसीएल के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल आनंद ने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल हमारी आपदा से निपटने की तैयारी और तत्परता को दर्शाती है। पाइपलाइन के माध्यम से तेल का परिवहन कम समय में और सुरक्षित तरीके से किया जाता है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
इस मौके पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर सिंह, मिहिजाम थाना पुलिस, सदर अस्पताल की एम्बुलेंस टीम सहित स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
प्रचालन प्रबंधक शशि किशोर कांत ने कहा कि किसी भी प्रकार के तेल रिसाव की सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना, जिला प्रशासन या आईओसीएल को सूचित करना चाहिए, ताकि समय रहते किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि लोगों की सजगता से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया और बताया गया कि तेल रिसाव की स्थिति में आईओसीएल के टोल फ्री नंबर 18003456105 या स्थानीय थाना को तत्काल सूचना दें।
आईओसीएल द्वारा समय-समय पर विभिन्न गांवों में जिला प्रशासन के सहयोग से इस प्रकार की मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें