Top News

नाला में जल अर्पण दिवस समारोह का आयोजन, जल संरक्षण का दिया गया संदेश

 


जामताड़ा। जिले में “जल महोत्सव पखवाड़ा” (08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक) के तहत बुधवार को नाला प्रखंड के धोबना पंचायत अंतर्गत छोटलिया गांव स्थित कास्ता धोबना बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के जल शोधन संयंत्र परिसर में जिला स्तरीय जल अर्पण दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, नाला प्रखंड प्रमुख एवं पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा जल रक्षा सूत्र बांधा गया तथा जलसहिया को जल जांच किट का वितरण किया गया। साथ ही जल बंधन के तहत शपथ ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ जल जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जल अर्पण दिवस एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण और जल स्रोतों के महत्व को बढ़ावा देना है। यह दिवस जल जीवन मिशन के तहत मनाया जाता है, जिसका लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न गतिविधियों जैसे जल स्रोतों का संरक्षण, पानी की बर्बादी रोकना और जल के संतुलित उपयोग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि जल अर्पण दिवस के अवसर पर लोकगीत, जागरूकता कार्यक्रम एवं जल संकल्प जैसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जाता है। यह आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों में किया जाता है, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग भाग लेते हैं। उन्होंने इसे जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और समाज की सहभागिता तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

उप विकास आयुक्त ने ग्राम स्तर पर चापाकल, जल मीनार एवं बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के मरम्मत एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई, ताकि शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को सुदृढ़ बनाए रखा जा सके।

इस अवसर पर उपस्थित जलसहिया को टूल किट एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया तथा सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू, उप प्रमुख समर माझी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी अनूप कुमार महतो, पंचायत समिति सदस्य, संबंधित पंचायत के मुखिया, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता (डीडब्ल्यूएसडी), जिला समन्वयक (आईईसी एवं एसबीएम-जी), प्रखंड वॉश समन्वयक सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
JAMTARA GROUND REPORT
JAMTARA GROUND REPORT

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume