जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने गुरुवार को जामताड़ा थाना एवं जिला नियंत्रण कक्ष/डायल-112 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की विधि व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी जामताड़ा एवं थाना के कनिय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में सुरक्षा, शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने थाना में लंबित गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश देते हुए क्षेत्र में लगातार सघन गश्ती चलाने को कहा। उन्होंने बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चोरी और गृह भेदन जैसे मामलों का जल्द उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने को कहा। साथ ही थाना आने वाले आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बालिका विद्यालय, कॉलेज, शिक्षण संस्थान और कोचिंग सेंटर के आसपास विशेष गश्ती चलाने तथा छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा अवैध शराब निर्माण और बिक्री, अवैध बालू उत्खनन, जुआ और लॉटरी जैसी अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ईमानदारी और दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। वहीं जिला नियंत्रण कक्ष/डायल-112 में प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें