📍 फतेहपुर (जामताड़ा) हरिनारायण रुज
जामताड़ा ग्राउंड रिपोर्ट में प्रमुखता से उठाए गए मुड़ीडीह पहाड़िया टोला के पेयजल संकट की खबर का असर अब साफ नजर आने लगा है। खबर प्रसारित/प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खराब पड़े चापाकलों का निरीक्षण किया।
इस टोले में करीब 60 घरों की आबादी लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रही थी। तीनों चापाकल या तो पूरी तरह खराब थे या बेहद कम पानी दे रहे थे, जिसके कारण ग्रामीणों—खासतौर पर महिलाओं और बच्चों—को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा था।
खबर सामने आने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो खराब चापाकलों की मरम्मत शुरू कर दी है, जबकि तीसरे को भी दुरुस्त करने का काम जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी चापाकलों को पूरी तरह ठीक कर दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर नए चापाकल भी लगाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जामताड़ा ग्राउंड रिपोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, लेकिन खबर के बाद तुरंत पहल हुई है।
भीषण गर्मी के बीच यह कार्रवाई लोगों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। अब उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित करेगा।

एक टिप्पणी भेजें