जामताड़ा से दिनबंधु राउत
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह संथाल परगना के देवघर जिला प्रभारी अंजनी तिवारी ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह राज्यसभा सांसद अरुण सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संथाल परगना क्षेत्र में किसान मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुलाकात के दौरान अंजनी तिवारी ने संथाल परगना के विभिन्न जिलों में किसानों से जुड़े मुद्दों, संगठन की गतिविधियों तथा किसान मोर्चा के विस्तार को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन लगातार काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने किसान मोर्चा की इकाइयों को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में चल रही गतिविधियों की भी जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा पार्टी का महत्वपूर्ण अंग है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पहुंचकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने किसानों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और उनके बीच जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। अरुण सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का समर्पण और सक्रियता बेहद जरूरी है। यदि कार्यकर्ता ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करेंगे तो निश्चित रूप से संगठन और मजबूत होगा तथा किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। वही अंजनी तिवारी ने राष्ट्रीय महामंत्री से मिले मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशों के अनुसार संथाल परगना में किसान मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment