⚡ ब्रेकिंग News

उपायुक्त अध्यक्षता में होली पर्व को लेकर केंद्रीय शांति समिति की आहूत बैठक संपन्न

उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों को होली की दीं शुभकामनाएं

होली को मर्यादा में संयम के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं जिलेवासी - उपायुक्त

सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की कड़ी नजर - उपायुक्त
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद की अध्यक्षता में आगामी होली पर्व 2026 को लेकर समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
सोशल मीडिया का करें विवेकपूर्ण प्रयोग; अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि होली को हुड़दंग के रूप में न मनाकर मर्यादा में संयम के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं एवं जिले की गरिमा को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि रमजान का भी महीना चल रहा है, ऐसे में सभी से अपील है कि एक-दूसरे समुदाय की भावना का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने-अपने पर्व मनाएं। सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें, बिना तथ्यों को जाने और बिना सत्यापन के किसी प्रकार का पोस्ट न करें और न ही उसे शेयर करें। जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्माद फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
जबरन किसी को न लगाएं रंग; सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं होली
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि होली पर जबरन किसी को रंग नहीं लगाएं। माता-पिता एवं अभिभावक अपने बच्चों पर नजर रखें। किसी प्रकार की सूचना होने पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं। होली में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आसूचना तंत्र मजबूत करने एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
होली के अवसर पर ड्राई डे रहेगा, शराब की खरीद-बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। खाद्य पदार्थों एवं मिलावटी सामग्री तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंगों की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, धार्मिक स्थलों पर चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करने एवं प्रत्येक दो घंटे में रिपोर्ट सुनिश्चित करने, होलिका दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, छेड़खानी एवं सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने, होली के दिन पेयजलापूर्ति, निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई आदि को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अपील की कि यथासंभव रंगों के स्थान पर ऑर्गेनिक गुलाल का प्रयोग करें। मिहिजाम में एक अग्निशामक वाहन फुल टैंक पानी के साथ प्रतिनियुक्त करने तथा स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल व्यवस्था एवं नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेष तैनाती के निर्देश भी दिए गए। साथ ही डीजे निर्धारित ध्वनि स्तर पर बजाने एवं अभद्र, भड़काऊ एवं अश्लील गीतों पर रोक के निर्देश दिए गए।
हर्षोल्लास पूर्वक मनाएं होली - पुलिस अधीक्षक
होली को लेकर जिले में चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि शांति समिति विधि-व्यवस्था संधारण में अहम भूमिका निभाती है। सभी के सुझावों पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील की कि सभी लोग होली का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाएं। शांति समिति के सदस्यों से अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का अनुरोध किया गया।
जिले भर में ड्राई डे लागू रहेगा और शराब बिक्री पर पूर्ण रोक रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से जिले पर नजर रखी जाएगी तथा विशेष क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी। रमजान माह को देखते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। वाहन जांच अभियान, हेलमेट जांच, रैश ड्राइविंग पर कार्रवाई एवं अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा अनंत कुमार ने विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से बैठक के एजेंडा पर विस्तृत जानकारी दी एवं होली को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा विकास आनंद लांगुरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला मनोज कुमार महतो, सिविल सर्जन ए.पी.एन. देव, उत्पाद अधीक्षक, अंचल अधिकारी जामताड़ा अविश्वर मुर्मू, करमाटांड़ चोनाराम हेंब्रम, नारायणपुर देवराज गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा सोमा खंडेत, कार्यपालक पदाधिकारी मिहिजाम गोपेश कुम्भकार, अग्निशामक पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...