जामताड़ा।
जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत मोरबासा पंचायत भवन के समक्ष ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आजीविका संसाधन केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सखी मंडल की महिलाएं, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी Jharkhand State Livelihood Promotion Society से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बताया गया कि इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, उत्पादन बढ़ाने तथा कुटीर उद्योग को आगे बढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सखी मंडलों के बीच 46 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक वितरण भी किया गया। इस राशि से महिला समूह अपने रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों को और आगे बढ़ा सकेंगी।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेएसएलपीएस मंडलों की महिलाएं मेहनत और लगन से अपने गांव की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की महिलाएं आज गांव की आर्थिक मजबूती की महत्वपूर्ण कड़ी बन चुकी हैं और प्रशिक्षण व सहयोग के माध्यम से वे और अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी।
मोरबासा में शुरू हुआ यह आजीविका संसाधन केंद्र अब क्षेत्र की महिलाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला साबित होगा। इससे न केवल महिलाओं को प्रशिक्षण मिलेगा बल्कि गांव स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यस्था को मजबूती मिलेगी।

Post a Comment