जामताड़ा समीम अंसारी
जामताड़ा, 3 मार्च। जिले में हाल के दिनों में हुई तीन बड़ी आपराधिक घटनाओं का जामताड़ा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धरमपुर गोलीकांड, करमाटांड सीएसपी लूटकांड और साइबर अपराध गिरोह के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।
फुरकान अंसारी हत्याकांड का खुलासा
नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर मोड़ पर 22 फरवरी 2026 को फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन देशी पिस्टल, तीन मोटरसाइकिल और दस मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास जामताड़ा के अलावा दुमका, गिरिडीह और देवघर जिलों तक फैला हुआ है।
करमाटांड सीएसपी लूटकांड का पर्दाफाश
08 जनवरी 2026 को करमाटांड थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरासोल में सीएसपी संचालक से ₹20,000 नकद और मोबाइल फोन लूट लिए गए थे। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली भी चलाई थी।
इस संबंध में कांड संख्या 01/26, धारा 309(4) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आशिफ अंसारी उर्फ लम्बू तथा अजमुल अंसारी उर्फ बलमा को गिरफ्तार किया है।
घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, अपाचे मोटरसाइकिल और आरोपी द्वारा पहना गया काला जैकेट भी बरामद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह धरमपुर गोलीकांड में शामिल अपराधियों से जुड़ा हुआ है।
साइबर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
जामताड़ा साइबर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गोबिंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग स्थित पोसई मोड़ के पास छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 14/26, धारा 318(4)/319(2)/61(1) BNS 2023 एवं 66(B)(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल, तीन सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, ₹43,800 नकद और एक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह निष्क्रिय बैंक खातों में अवैध राशि जमा कर एटीएम के माध्यम से निकासी कर कमीशन लेता था। गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम में थाना प्रभारी नारायणपुर मुराद हसन, साकेत प्रताप देव, विजय कुमार यादव, थाना प्रभारी करमाटांड चंदन कुमार तिवारी, विकास कुमार तिवारी, अजय कुमार, तकनीकी शाखा के संतोष कुमार सिंह तथा नारायणपुर थाना के शस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि जामताड़ा पुलिस संगठित अपराध और साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है तथा जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें