अहमदाबाद। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की और तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया।
इस मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई।
तीसरी बार भारत ने जीता खिताब, टाइटल डिफेंड करने वाली पहली टीम
भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी बन गया है।
साथ ही पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर खिताब जीतने से चूक गई।
ऐसी रही न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी
न्यूजीलैंड की ओर से ओपनिंग करने फिन एलन और टिम सीफर्ट मैदान पर उतरे। मैच के पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर फिन एलन का कैच छोड़ दिया था। उस समय एलन का खाता भी नहीं खुला था।
हालांकि तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन भेज दिया। रविंद्र के बल्ले से केवल एक रन ही निकला।
पांचवें ओवर में अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को बोल्ड कर दिया। उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 47 रन था। इसी बीच टिम सीफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
इसके बाद हार्दिक पांड्या आठवां ओवर लेकर आए और उन्होंने मार्क चैपमैन को आउट कर न्यूजीलैंड को एक और झटका दिया।
नौवें ओवर में वरुण ने न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया, जब उन्होंने टिम सीफर्ट का विकेट लिया। ईशान किशन ने उनका शानदार कैच लपका। सीफर्ट ने 52 रनों की पारी खेली।
इसके बाद 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को भी आउट कर दिया। 16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने जिमी नीशम को बोल्ड कर दिया। इसी ओवर में बुमराह ने मैट हेनरी को भी बोल्ड कर दिया।
इसके बाद 18वें ओवर में बुमराह ने मिचेल सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया। इस तरह न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।
ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी
टीम इंडिया ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के शानदार अर्धशतकों और शिवम दुबे की आतिशी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने की। दोनों बल्लेबाजों ने संभली हुई शुरुआत दिलाई और बीच-बीच में अच्छे शॉट भी लगाए।
चौथा ओवर लेकर फर्ग्यूसन आए और इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने 24 रन बटोर लिए, जिससे भारत का स्कोर 50 के पार पहुंच गया। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज अपनाया और केवल 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 92 रन था। हालांकि आठवें ओवर में भारत को पहला झटका लगा, जब अभिषेक शर्मा रचिन रविंद्र का शिकार बने। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए।
इसके बाद टीम इंडिया ने आठवें ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। 11वें ओवर में संजू सैमसन ने अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने केवल 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी थी।
15वें ओवर में टीम इंडिया ने 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इसी दौरान ईशान किशन ने भी 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
16वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा जब संजू सैमसन 46 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर में ईशान किशन भी आउट हो गए। किशन ने 54 रन बनाए। इसी ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इस तरह जिमी नीशम ने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके। उस समय भारत का स्कोर 16 ओवर में 204 रन पर 4 विकेट था।
इसके बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। हालांकि 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हो गए। उस समय भारत का स्कोर 226 रन पर 5 विकेट था।
इसके बाद शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में जिमी नीशम के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 24 रन बटोर लिए। दुबे ने केवल 8 गेंदों में 26 रन बनाए।
उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा। आखिरी पांच ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने 52 रन बनाए

Post a Comment