संवाददाता फतेहपुर पूजन मंडल
जामताड़ा। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में एनडीए की अप्रत्याशित जीत और पूर्ण बहुमत मिलने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इस मौके पर नेताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। साथ ही “नमो मोदी झालमुड़ी” खिलाकर कार्यकर्ताओं ने इस जीत को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया।
भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने इस जनादेश को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश की जनता अब झूठे वादों पर भरोसा नहीं करती और विकास के मुद्दे पर मतदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” की नीति के साथ नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने असम में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रचा है, वहीं पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में भी पार्टी ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। चुनाव परिणामों के बाद विपक्षी दलों को कड़ी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे स्पष्ट होता है कि जनता ने जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दी है।
नेताओं ने इस जीत का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण, केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन तथा मतदाताओं के समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता इस जीत के लिए बधाई का पात्र है।
वहीं भाजपा नेता शिबू पंडित ने कहा कि इस जनादेश के बाद इन राज्यों में चहुंमुखी विकास की उम्मीद है। उन्होंने इसे सुशासन और विकास की नीतियों पर जनता की मुहर बताया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजय मंडल, जिला मंत्री किरण बेसरा, विष्णु मंडल, पंकज मंडल, अमित मंडल, प्रमोद गोस्वामी, प्रबोध मंडल, मनोज मंडल, पिंकी सामंत, नीतू मोदी, मायना दासी सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें