जामताड़ा/फतेहपुर: हरिनारायण रुज
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ एक व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम Just Rights for Children के सहयोग से बनवासी विकास आश्रम द्वारा जिले के फतेहपुर, नाला और जामताड़ा प्रखंडों में चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समुदाय को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बाल मजदूरी जैसी सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों में रैली, जनसंवाद और जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
रैली के दौरान लोगों को बताया गया कि बाल मजदूरी न केवल बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि यह उनके शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालती है। बच्चों को काम के बजाय स्कूल भेजने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाल मजदूरी के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों ने यह भी आश्वस्त किया कि वे अपने स्तर से समाज में बच्चों के अधिकारों की रक्षा करेंगे और किसी भी प्रकार के शोषण का विरोध करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बनवासी विकास आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक गोपी कुमार ने कहा कि “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और उसे मजदूरी के बजाय स्कूल में होना चाहिए।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को काम पर न भेजकर विद्यालय भेजें, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
उन्होंने आगे बताया कि संस्था लगातार बाल संरक्षण, शिक्षा, बाल मजदूरी उन्मूलन एवं बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में कार्य कर रही है और आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई बच्चा बाल मजदूरी या किसी अन्य प्रकार के शोषण का शिकार दिखाई दे, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम में सामुदायिक कार्यकर्ता जयप्रकाश मंडल, वार्ड सदस्य अल्पना रुज, रवींद्रनाथ सेन, जितेंद्र नाथ चक्रवर्ती, विपिन मंडल, शांतिमय रुज, संजय रुज, श्याम सुंदर रुज, माला रानी सेन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

एक टिप्पणी भेजें