जामताड़ा। जिले में अवैध हथियार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के हांसीपहाड़ी स्थित पहाड़ी शिव मंदिर के पास एक युवक के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता के कारण उसे पीछा कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल राज (उम्र करीब 19 वर्ष), निवासी मिहिजाम थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस तथा एक ओप्पो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया गया है।
इस संबंध में मिहिजाम थाना कांड संख्या 17/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब इस मामले में उसके संभावित नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment