जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र में अवैध बालू भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शनिवार को खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रूपडीह के समीप तुंबावेल गांव के पास मैदान में जमा किए गए अवैध बालू को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नदी से निकाले गए बालू को बिना किसी वैध अनुमति के एक स्थान पर जमा किया गया है। सूचना मिलते ही जिला खनन निरीक्षक अखिलेश कुमार और बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मैदान में बड़ी मात्रा में बालू का भंडारण किया गया था। प्राथमिक आकलन में करीब पांच हाईवा के बराबर बालू वहां जमा पाया गया। चूंकि इसके लिए किसी प्रकार की सरकारी अनुमति या लाइसेंस नहीं था, इसलिए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे बालू को जब्त कर लिया।
इस मामले में जिला खनन निरीक्षक अखिलेश कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर बिंदापाथर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध रूप से बालू का भंडारण किसके द्वारा किया गया था।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment