⚡ ब्रेकिंग News

जामताड़ा से दो साइबर ठग गिरफ्तार, ई-चालान और केवाईसी अपडेट के नाम पर करते थे ठगी

 


जामताड़ा: साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लोगों को ई-चालान और केवाईसी अपडेट के नाम पर झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को साइबर अपराध थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर–पतरोडिह जाने वाली ग्रामीण सड़क के पास छापेमारी की। इस दौरान साइबर ठगी में संलिप्त दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू कुमार दास (28 वर्ष), पिता नरेश दास, निवासी ग्राम पोस्ता, थाना नारायणपुर तथा जगदीश दास (39 वर्ष), पिता स्वर्गीय मुरदेव दास, निवासी ग्राम पसोई, थाना जामताड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना जामताड़ा में कांड संख्या 16/26, दिनांक 13 मार्च 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम 2023 के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों के मोबाइल पर आरटीओ ई-चालान से संबंधित फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहते थे। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़ित के मोबाइल की निजी जानकारी उनके पास पहुंच जाती थी। इसके बाद वे ई-वॉलेट और अन्य माध्यमों से लोगों के खातों से पैसे निकाल लेते थे।

इसके अलावा आरोपी बैंकों के खाताधारकों को केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर भी इसी प्रकार की फाइल भेजते थे और मोबाइल से गोपनीय जानकारी प्राप्त कर ठगी को अंजाम देते थे।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गतिविधियां देश के विभिन्न राज्यों तक फैली हुई थीं और कई लोग इनके झांसे में आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है तथा इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...