Top News

जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा कड़ी; जामताड़ा पुलिस अलर्ट पर

 




जामताड़ा से दिनबंधु राउत



झारखंड के जामताड़ा स्थित सिविल कोर्ट को ड्रोन से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड में आ गईं और एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु की एक कथित साउथ ऑर्गनाइजेशन के नाम से जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन से उड़ाने की धमकी देते हुए ई-मेल भेजा गया है। ई-मेल सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीतिश निलेश सांगा ने स्वयं सिविल कोर्ट परिसर और जिला अधिवक्ता संघ भवन का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह और सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। शाम के समय डॉग स्क्वॉयड की टीम ने कोर्ट भवन, परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।पुलिस ने कोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। साथ ही ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने
JAMTARA GROUND REPORT
JAMTARA GROUND REPORT

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume