Top News

सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर प्रशासन हरकत में, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

 

फतेहपुर/जामताड़ा: पूजन मंडल 


नाला विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर स्थित ताल पोखरिया से मुरीडीह खिजुरिया टोला तक बन रही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने जामताड़ा उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया ढलाई, कम मोटाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। साथ ही निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप नहीं होने की भी शिकायत की गई है।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आया और विभागीय अधिकारियों की टीम जांच के लिए कार्यस्थल पर पहुंची। जांच टीम में कार्यपालक अभियंता दुखा मंडल, एसडीओ आनंद कुमार और जेई राघवेंद्र कुमार शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे की मोटाई सही पाई गई, लेकिन सड़क के बीच हिस्से में मात्र 4 इंच ढलाई मिलने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कार्यपालक अभियंता दुखा मंडल ने बताया कि कोर कटर मशीन उपलब्ध नहीं रहने के कारण विस्तृत जांच के लिए एक सप्ताह का समय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सड़क की मोटाई निर्धारित मानक से कम पाई जाती है तो ऊपर से पुनः ढलाई कराई जाएगी।

वहीं ग्रामीणों की मांग को देखते हुए पानी निकासी के लिए समुचित नाली निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप होना चाहिए, ताकि सड़क वर्षों तक टिकाऊ बनी रहे और सरकारी राशि का सही उपयोग हो सके।

अब देखना होगा कि जांच के बाद संबंधित संवेदक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होती है या मामला सिर्फ जांच और आश्वासन तक ही सीमित रह जाता है।

Post a Comment

أحدث أقدم
JAMTARA GROUND REPORT
JAMTARA GROUND REPORT

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume