📍 जामताड़ा:
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जामताड़ा जिले में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना के लिए स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार (भा.प्र.से.) ने अपने आवासीय कार्यालय में स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरकर किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास की आधारशिला है, जिससे प्राप्त आंकड़े योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 1 मई से 15 मई 2026 तक चलेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य करेंगे। वहीं जनसंख्या गणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील की कि जनगणना के दौरान मांगी गई सभी जानकारी सही, पूर्ण और सत्य रूप में दें, क्योंकि गलत या अधूरी जानकारी पूरे अभियान की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है।
स्व-गणना प्रक्रिया को सरल बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि लोग https://se.census.gov.in� वेबसाइट पर जाकर स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया और भी सुगम बनेगी।
साथ ही उन्होंने साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि जनगणना के नाम पर किसी भी प्रकार की फोन कॉल, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी नहीं मांगी जाएगी। ऐसे में किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड से बचें।
इस अवसर पर जिला समन्वयक राहुल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
"

إرسال تعليق