जामताड़ा।
जामताड़ा जिले में रमजान के पाक महीने के तीसरे जुमे की नमाज पूरे अकीदत, श्रद्धा और सादगी के साथ अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोजेदार विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे और देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
शुक्रवार को जामताड़ा शहर के पाकडीह, सरखेलडीह, सुभाष चौक, नूर मोहल्ला, राजबाड़ी और जीतूडंगाल समेत जिले की कई मस्जिदों में रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान सैकड़ों रोजेदार मस्जिदों में एकत्रित हुए और अल्लाह की इबादत में मशगूल नजर आए।
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अख्तर रजा ने नमाज अदा कराई। इस दौरान उन्होंने रमजान के मुकद्दस महीने की अहमियत बताते हुए लोगों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इबादत, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है।
इमाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोग जकात के हकदार होते हैं, इसलिए रमजान के महीने में उनकी मदद करना हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र महीने में इबादत के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता करने से समाज में भाईचारा और इंसानियत की भावना मजबूत होती है।
रमजान के इस पवित्र महीने में जिलेभर में धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है और लोग इबादत के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद कर समाज में भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।

إرسال تعليق