दुमका ब्यूरो आशीष यादव की रिपोर्ट
दुमका | 23 फरवरी 2026
नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत दुमका जिले में आज मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
मतदाता कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय है, कई केंद्रों पर महिलाओं की अच्छी-खासी उपस्थिति दर्ज की गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिला प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कंट्रोल रूम से निगरानी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा कंट्रोल रूम से पूरी मतदान प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों से निरंतर संपर्क में रहकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
फिलहाल दुमका जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।


إرسال تعليق