नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर मतदान दलों की ब्रीफिंग, 67 दल रवाना

 


संवाददाता शेख शमीम


नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को आउटडोर स्टेडियम के समीप बनाए गए डिस्पैच सेंटर में मतदान दलों की ब्रीफिंग की गई। मिहिजाम नगर परिषद वर्ग ख के 10 वार्ड और जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के लिए कुल 67 मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

ब्रीफिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता और सजगता बरती जाए ताकि निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने मतदान दलों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद कोई भी कर्मी सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करेगा और निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो पोस्ट नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी अपने-अपने मतदान केंद्र पर बने रहें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सेक्टर पदाधिकारी को सूचित करें। मतदान कर्मियों को उपलब्ध कराई गई बुकलेट का अध्ययन कर लेने को भी कहा गया ताकि प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं बहाल करने के साथ-साथ मतदान दलों के लिए सूखा राशन भी उपलब्ध कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है तथा विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने मतदान कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सामान्य प्रेक्षक मिहिजाम नगर परिषद संजय पाण्डेय, सामान्य प्रेक्षक जामताड़ा नगर पंचायत विभूति मंडल, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...